Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula गुरुग्राम। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग का अतिक्रमण विरोधी महाअभियान लगातार तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। बुधवार को अभियान के पांचवें दिन भी डीएलएफ समेत शहर की 9 लाइसेंस कॉलोनियों में बड़े स्तर पर बुलडोज़र कार्रवाई की गई।

DLF फेज-1 और 2 में बड़ी कार्रवाई
टीम-1 ने डीएलएफ फेज-1 के सी ब्लॉक से अभियान की शुरुआत की, जहां 14 लेन कवर करते हुए करीब 250 मकानों के सामने अतिक्रमण हटाया गया। इसके बाद मार्केट एरिया में 4 अवैध कियोस्क ध्वस्त किए गए।
ई ब्लॉक में 6 लेन में कार्रवाई करते हुए 150 से अधिक मकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। करीब 50 एक्सटेंडेड बाउंड्री वॉल और गेट तोड़े गए। 130 से अधिक लॉन, फेंसिंग और गार्डन हटाए गए। 30 से अधिक गार्ड रूम ध्वस्त किए गए। 30 रैंप और सीढ़ियां हटाई गईं
अधिकारियों के अनुसार, ई ब्लॉक में सबसे ज्यादा अतिक्रमण पाया गया, जहां मकानों के बाहर 3-3 फीट तक अवैध विस्तार कर सड़कें संकरी कर दी गई थीं।
इसके बाद डीएलएफ फेज-2 के एन ब्लॉक, गुलमोहर मार्ग और पी ब्लॉक में भी कार्रवाई की गई, जहां करीब 250 मकानों को कवर किया गया और 15 गार्ड रूम सहित बड़ी संख्या में अतिक्रमण हटाए गए।
अन्य कॉलोनियों में भी चला अभियान : अभियान के तहत साउथ सिटी-1, ग्रीनवुड सिटी, पालम विहार, सुशांत लोक, मेफील्ड गार्डन, निर्वाणा कंट्री, उप्पल साउथेंड, मालिबू टाउन समेत कई इलाकों में कार्रवाई की गई।
इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में गार्ड रूम, फेंसिंग, बाउंड्री वॉल, रैंप, पार्किंग शेड और कियोस्क हटाए गए। पालम विहार में ही सैकड़ों फेंसिंग और रैंप हटाकर सड़कों और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त किया गया।
अभियान रहेगा जारी : डीटीपी एन्फोर्समेंट अमित मधोलिया ने बताया कि पांच दिनों की कार्रवाई की रिपोर्ट चंडीगढ़ मुख्यालय भेजी जाएगी, लेकिन अभियान यहीं नहीं रुकेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर की बाकी कॉलोनियों में भी जल्द कार्रवाई की जाएगी और पुरानी तोड़फोड़ की निगरानी के लिए जूनियर इंजीनियरों की कमेटी बनाई जाएगी।
लोगों से अपील : अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं आगे आकर जल्द से जल्द अतिक्रमण हटा लें।
चेतावनी दी गई है कि मौके पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




