Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव
राजीव चौक पर एक ऑटो में सोमवार रात अचानक आग लग गई और ड्राइवर ऑटो के अंदर ही जिंदा जल गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी उसे बचाने के लिए पास नहीं जा सका। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस शव की शिनाख्त की भी कोशिश कर रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राजीव चौक के पास ऑटो मेन रोड पर चल रहा था कि अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकंड में पूरी ऑटो आग की लपटों में घिर गई। आसपास के लोग मदद करना चाहते थे, लेकिन लपटों की वजह से कोई आगे नहीं बढ़ सका। दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ऑटो पूरी तरह जल चुका था और चालक भी जल चुका था। पुलिस ने ड्राइवर सीट पर जला हुआ शव निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। इस हादसे की वजह से कुछ देर के लिए राजीव चौक पर ट्रैफिक भी जाम रहा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऑटो उत्तर प्रदेश के नोएडा के एक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। ऑटो मालिक को गुड़गांव बुलाया गया है। अभी तक मृतक ड्राइवर की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।




