Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
राजधानी दिल्ली के इंद्रपुरी इलाके में दिनदहाड़े 70 लाख रुपये लूटने वाले गिरोह के चार लोगों को इंद्रपुरी थाना पुलिस ने धर दबोचा है। इस लूट की साजिश अंदरूनी आदमी ने बनाई, लेकिन वारदात को अंजाम छात्र, दूध का काम करने वाले युवक और एक ऑटो चालक ने अंजाम दिया। था। आरोपियों की पहचान मोहम्मद कैफ, ऋषि यादव, सौरभ उर्फ बच्चा और विकास के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से 53.40 लाख रुपये नकदी और बाइक बरामद की है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 31 मार्च को इंद्रपुरी थाना इलाके में लूटपाट की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके दो कर्मचारियों से 70 लाख रुपये लूट लिए गए। 3 बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था और तीनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पता लगा कि इस लूट में शिकायतकर्ता के पास काम करने वाला शामिल है। पुलिस ने सभी कर्मचारियों पर नजर रखनी शुरू की। उनकी कॉल डिटेल खंगाली। इस दौरान एक कर्मचारी विकास का नाम सामने आया। पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने साथी दूध वाला मोहम्मद कैफ और ऑटो ड्राइवर सौरभ उर्फ बच्चा समेत अपने दो अन्य साथियों के साथ साजिश रची थी।
पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जानकारी और गुप्त सूत्रों की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। आरोपियों ने दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में छिपने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने लगातार निगरानी और छापेमारी कर सभी चारों को गिरफ्तार कर लिया।
16 लाख रुपये की पुलिस कर रही जांच
पूछताछ में पता लगा कि मोहम्मद कैफ दूध का काम करता है। ऋषि यादव बीए सेकेंड ईयर का छात्र है और सौरभ ऑटो चलाता है। आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहते हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट के पैसों में से 53.40 लाख रुपये नकदी व लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। पुलिस अब पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बाकी पैसों से आरोपियों ने क्या किया।




