Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम की धमकी भरी ई-मेल, पुलिस जांच में नहीं मिला कुछ संदिग्ध
गुरुग्राम, 29 अप्रैल 2026: गुरुग्राम के कुछ स्कूलों को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी भरी ई-मेल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड पर आ गया। सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस ने संबंधित थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और अन्य विशेष टीमों को मौके पर रवाना किया।

पुलिस टीमों ने स्कूल परिसरों, कक्षाओं, भवनों और आसपास के क्षेत्रों में गहन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में यह ई-मेल फर्जी यानी होक्स (Hoax Mail) प्रतीत हो रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा के मद्देनजर सभी जरूरी कदम उठाए गए और पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया। फिलहाल कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है।
गुरुग्राम पुलिस की साइबर टीम अब ई-मेल की सत्यता, उसके स्रोत और भेजने वाले की पहचान का पता लगाने में जुटी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि धमकी किसने और कहां से भेजी।
गुरुग्राम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।




