Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव में तेज रफ्तार वाहनों का कहर रोज कई लोगों की जिंदगी लील रहा है। कई मामलों में तो मृतकों की पहचान नहीं हो पाती है और कई मामलों में वाहन चालकों का पता नहीं लग पाता है। एेसे तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं जहां तीन तेज रफ्तार वाहनों ने दो युवती समेत तीन लोगों को कुचल दिया। तीनों की या तो मौके पर मौत हो गई, या अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे और परिजन को सूचित किया। हैरानी की बात यह है कि तीनों मामलों में वाहन चालक मौके से फरार हो गए। तीनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। गुड़गांव में तेज रफ्तार वाहनों के कारण ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं।
दुकान से लौट रही युवती को टक्कर मार फरार
पहले मामले में बुधवार शाम सेक्टर 35 के फ्लाइट सिमुलेशन सेंटर के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने युवती को टक्कर मार दी और भाग निकला। रश्मी देवी एक दुकान से घर लौट रही थीं। घायल रश्मी देवी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रश्मी देवी पिछले दो महीने से बेगमपुर खटोला गांव में रह रही थीं। बादशाहपुर थाने में इस मामले में केस दर्ज किया गया है।
सड़क पार कर रही युवती को मारी टक्कर
वहीं दूसरे मामले में गुरुवार सुबह सोहना रोड पर लेमन ट्री होटल के बाहर सड़क पार कर रही गीता कुमारी नामक युवती को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक फरार हो गया। राहगीर उन्हें अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे पास के होटल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करती थीं। उनके पति भी उसी होटल में सिक्योरिटी गार्ड हैं। बादशाहपुर थाने में ही इस मामले को लेकर केस दर्ज किया गया है।
स्कूटी सवार को कुचला
इसी तरह तीसरा मामला गुरुवार देर रात का है। रात के समय दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेसवे पर सेक्टर 15 के झाड़सा फ्लाईओवर के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार अमन नामक युवक को कुचल दिया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। अमन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले का रहने वाला था और 5 साल से दौलताबाद में वैलैस फिटनेस लॉज जिम में काम करता था। वह जिम मालिक की स्कूटी लेकर किसी काम से निकला था। सिविल लाइंस थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।





