Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: NH-48 पर रविवार दोपहर 3 बार रुकेगा ट्रैफिक, खांडसा के पास 15-20 मिनट का रहेगा ब्लॉक
गुरुग्राम: दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) से रविवार को गुजरने वाले वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गुरुग्राम में गांव खांडसा के पास हाईवे पर ट्रैफिक को कुछ समय के लिए रोका और डायवर्ट किया जाएगा। यह व्यवस्था ट्रांसमिशन लाइन की मरम्मत और उसे सुरक्षित बनाने के काम के चलते की जा रही है।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, 1 नवंबर 2026 (रविवार) को दोपहर के समय NH-48 पर गांव खांडसा के पास लाइन क्रॉसिंग पॉइंट पर ट्रैफिक ब्लॉक लगाया जाएगा। इस दौरान करीब 15 से 20 मिनट के लिए तीन बार वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी या उन्हें दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया जाएगा।
क्यों रोका जाएगा NH-48 पर ट्रैफिक?: दरअसल, 66 kV हरसरू-सैक्टर-35-बादशाहपुर ट्रांसमिशन लाइन गांव खांडसा के पास NH-48 को क्रॉस करती है। इसी लाइन का कंडक्टर 18 जुलाई 2026 को टूट गया था। उस समय हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी थी।
इस घटना को देखते हुए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) की ओर से ट्रांसमिशन लाइन को मजबूत करने का काम किया जा रहा है। इसके तहत पुराने कंडक्टर को हटाकर उसकी जगह नए HTLS (हाई टेम्परेचर लो सैग) कंडक्टर लगाए जा रहे हैं। यह काम टर्नकी आधार पर कराया जा रहा है, ताकि लाइन की क्षमता और सुरक्षा बेहतर हो सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
वाहन चालक इन रास्तों का कर सकते हैं इस्तेमाल: ट्रैफिक पुलिस ने NH-48 से गुजरने वाले वाहन चालकों को रविवार दोपहर थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है। खासतौर पर खांडसा गांव कट के आसपास सफर करने वाले लोगों को ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करना होगा।
हाईवे पर लगने वाले संभावित जाम से बचने के लिए वाहन चालक सर्विस लेन या SPR रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। मौके पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से वाहनों को जरूरत के हिसाब से रोका और डायवर्ट किया जाएगा।
इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता: ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और जल्दबाजी में गलत रास्ते से निकलने की कोशिश न करें।
रविवार दोपहर NH-48 पर सफर करने की योजना बना रहे लोग पहले से अपना रूट तय कर लें। कुछ मिनट की देरी से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा। यह काम हाईवे और आसपास के इलाके में लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।




