Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने वाहन चेकिंग को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब सड़क पर चेकिंग के दौरान उन वाहनों को नहीं रोका जाएगा जिनमें बच्चे, महिलाएं या बुजुर्ग मौजूद होंगे। पुलिस का कहना है कि अभियान का मकसद आम लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि अपराधों पर रोक लगाना और सड़क सुरक्षा मजबूत करना है।

23 मई 2026 को जारी जानकारी के मुताबिक, पुलिस आयुक्त शिवास कविराज (IPS) ने 22 मई को ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में ट्रैफिक नियमों की पालना, अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि वाहन चेकिंग का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं होना चाहिए। चेकिंग का मुख्य फोकस अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का रहेगा।
अक्सर देखने में आता है कि चेकिंग के दौरान ऐसे वाहन भी रोक दिए जाते हैं जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग बैठे होते हैं। इससे लोगों को परेशानी होती है और पुलिस की छवि पर भी असर पड़ता है।
इसी को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने फैसला लिया है कि आगे से चेकिंग के दौरान ऐसे वाहनों को सड़क पर रोकने से बचा जाएगा। अधिकारियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि उसका उद्देश्य शहर को सुरक्षित, बेहतर और अपराध मुक्त बनाना है, ताकि लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।




