Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
बकरीद (ईद-उल-जुहा) को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 860 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस उपायुक्तों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था संभाली जाएगी।

पुलिस की तरफ से प्रमुख नमाज स्थलों, ईदगाहों, संवेदनशील इलाकों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष नजर रखी जाएगी। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पीसीआर, राइडर और पेट्रोलिंग टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
गुरुग्राम पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार नजर बनाए हुए है। अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों के साथ भी लगातार संपर्क रखा जा रहा है।
त्योहार के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस की अलग से ड्यूटी लगाई गई है। नमाज स्थलों के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन और यातायात प्रबंधन के इंतजाम किए गए हैं ताकि लोगों को परेशानी न हो।
भीड़भाड़ वाले बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर भी पुलिस की अतिरिक्त नजर रहेगी।
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहार भाईचारे और शांति के माहौल में मनाएं। किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी टीम पूरी तरह सतर्क है।




