Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 500 से ज्यादा लोगों के खिलाफ केस
गुरुग्राम पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और नशाखोरी करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर शहर के अलग-अलग इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

एसीपी क्राइम नवीन शर्मा के मुताबिक पुलिस टीमें पार्कों, पार्किंग स्थलों, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक जगहों पर लगातार जांच कर रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखना और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
पुलिस के अनुसार अब तक इस अभियान के दौरान 500 से ज्यादा लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते हुए पकड़ा गया है। इन सभी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172(2) के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने से कानून व्यवस्था प्रभावित होती है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी वजह से पुलिस ऐसे मामलों में लगातार सख्ती बरत रही है।
गुरुग्राम पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थान किसी भी तरह की नशाखोरी या अव्यवस्था फैलाने के लिए नहीं हैं। पुलिस ने लोगों से कानून का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि शहर में शांति, सुरक्षा और बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे




