Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में फर्जी बिल बनाकर, स्टॉक में हेराफेरी कर और कंपनी का माल बाजार में बेचकर करीब 1.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संतोष गिरी (39) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के ताजपुर बादरपुर का रहने वाला है। उसे फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, मामला आई.बी. फार्मा प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है। कंपनी की ओर से 17 अक्टूबर 2025 को शिकायत दी गई थी कि बिलिंग और परचेज विभाग में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों और मैनेजरों ने मिलकर फर्जी बिल बनाए, स्टॉक रिकॉर्ड में गड़बड़ी की और कंप्यूटर डेटा में फर्जी एंट्री कर कंपनी का माल रिटेल मार्केट में बेच दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि इस पूरे खेल के जरिए कंपनी को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। इसके बाद डीएलएफ सेक्टर-29 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया और जांच आर्थिक अपराध शाखा-1 को सौंप दी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 5 मई 2026 को इस मामले में संतोष गिरी को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि संतोष साल 2016 से 2024 तक आई.बी. फार्मा में मैनेजर और HR के पद पर तैनात था। इसी दौरान उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर फर्जी दवाइयों के बिल तैयार किए, स्टॉक में हेराफेरी की और कंपनी का माल बाजार में बेचकर रकम हड़प ली।
पुलिस का कहना है कि आरोपी और उसके साथियों ने इस तरीके से कंपनी को करीब 1.5 करोड़ रुपये का चूना लगाया। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। साथ ही इस मामले में शामिल बाकी लोगों की पहचान और गबन की रकम की जांच जारी है.
