Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह। साइबर थाना पुलिस ने फर्जी WhatsApp अकाउंट और संदिग्ध मोबाइल नंबरों के जरिए लोगों को ठगने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के पोर्टल पर एक संदिग्ध मोबाइल नंबर एक्टिव मिला था। जांच में पता चला कि इस नंबर के खिलाफ राजस्थान के गोगामेड़ी थाने में ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज है। शिकायत के अनुसार पीड़ित से 41 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई थी।
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम नूंह जिले के गौधोला गांव पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी मकान की छत से कूदकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र रोशन, निवासी गौधोला, जिला नूंह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड बरामद किए गए।
जांच में सामने आया कि आरोपी “मनोज शर्मा” के नाम से फर्जी WhatsApp अकाउंट चलाता था और लोगों को झांसे में लेकर साइबर ठगी को अंजाम देता था। पुलिस का कहना है कि आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों और फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को निशाना बनाता था।
बरामद मोबाइल फोन की जांच में कुछ संदिग्ध चैट भी मिली हैं। पुलिस ने मोबाइल फोन और सिम कार्ड कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और क्या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी इस साइबर ठगी में शामिल है।




