Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
पूर्व भारतीय क्रिकेटर Shikhar Dhawan ने बुधवार को गुरुग्राम में पत्नी Sophie Shine के साथ अपनी शादी का कानूनी रजिस्ट्रेशन पूरा कराया। दोनों गुरुग्राम के मैरिज रजिस्ट्रार ऑफिस पहुंचे, जहां उन्होंने शादी से जुड़े आधिकारिक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान परिवार के कुछ करीबी सदस्य भी मौजूद रहे।

मैरिज रजिस्ट्रार ऑफिस में शिखर धवन बेहद सहज अंदाज में नजर आए। उन्होंने डार्क ब्लू टी-शर्ट पहनी थी, जबकि सोफी शाइन लाइट स्काई ब्लू टॉप में दिखाई दीं। दस्तावेजों पर साइनिंग के दौरान माहौल हल्का-फुल्का भी रहा। इसी बीच पीछे खड़े एक शख्स ने मजाकिया अंदाज में कहा, “पंडित का फोटो आ रहा है या नहीं”, जिसके बाद वहां मौजूद लोग मुस्कुराते नजर आए।
चुपचाप पहुंचे, पूरी की कानूनी प्रक्रिया : शिखर और सोफी बिना ज्यादा हलचल के गुरुग्राम के विकास सदन स्थित मैरिज कोर्ट पहुंचे। यहां दोनों ने मैरिज क्लर्क के सामने जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी की। सनग्लासेस में शिखर अपने पुराने कूल अंदाज में दिखे। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्होंने वहां मौजूद कुछ लोगों से बातचीत भी की।
जनवरी में सगाई, फरवरी में की थी शादी : शिखर धवन ने इसी साल 12 जनवरी को सोफी शाइन के साथ अपनी सगाई का ऐलान किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि दोनों ने अपनी मुस्कान, सपने और जिंदगी साथ जीने का फैसला किया है। शिखर ने फैंस से मिले प्यार और आशीर्वाद के लिए आभार भी जताया था।
इसके बाद 21 फरवरी को दोनों ने दिल्ली-एनसीआर में एक निजी समारोह में शादी की। यह शादी बेहद सीमित लोगों की मौजूदगी में हुई थी। इस समारोह की झलक तब सामने आई थी, जब Yuzvendra Chahal ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। वीडियो में चहल ‘मौजा ही मौजा’ गाने पर डांस करते नजर आए थे।
पंजाब किंग्स मैचों में भी दिख चुकी हैं सोफी : सोफी शाइन इससे पहले भी कई मौकों पर शिखर धवन के साथ नजर आ चुकी हैं। आईपीएल के दौरान जब शिखर Punjab Kings के लिए खेल रहे थे, तब सोफी को स्टैंड्स में टीम को चीयर करते देखा गया था। इसके बाद से ही दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
अब शादी के बाद दोनों ने कानूनी रूप से भी अपने रिश्ते को आधिकारिक दर्जा दे दिया है। गुरुग्राम में हुई यह रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शिखर और सोफी की नई पारी का अगला औपचारिक कदम मानी जा रही है।
