Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
GST रिटर्न में लापरवाही पर SpiceJet को नोटिस, 124.65 करोड़ रुपये की टैक्स डिमांड
गुरुग्राम, 29 मई। एयरलाइन कंपनी SpiceJet की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। गुरुग्राम GST विभाग ने कंपनी के खिलाफ GST रिटर्न समय पर दाखिल नहीं करने के मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने SpiceJet को GST Registration रद्द करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

GST अधिकारियों के मुताबिक कंपनी लगातार GST रिटर्न दाखिल करने में देरी कर रही थी। इसी वजह से विभाग ने CGST/SGST Act, 2017 की धारा 62 के तहत अस्थायी मूल्यांकन (Provisional Assessment) किया। इसके आधार पर कंपनी पर कुल 124.65 करोड़ रुपये की टैक्स डिमांड निर्धारित की गई है।
विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार नवंबर महीने के लिए 44.44 करोड़ रुपये, दिसंबर के लिए 43.79 करोड़ रुपये, जनवरी के लिए 12.19 करोड़ रुपये, फरवरी के लिए 12.10 करोड़ रुपये और मार्च के लिए 12.12 करोड़ रुपये की टैक्स डिमांड तय की गई है।
GST विभाग ने बताया कि SpiceJet को 25 मई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। हालांकि नोटिस के बाद भी कंपनी ने अब तक लंबित GST रिटर्न दाखिल नहीं किए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि यदि कंपनी जल्द लंबित रिटर्न जमा कर GST नियमों का पालन नहीं करती है, तो कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में SpiceJet का GST Registration रद्द होने की संभावना भी बनी हुई है।




