Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula in
गुरुग्राम में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, हिमांशु भाऊ गैंग के दो शूटर दबोचे
गुरुग्राम। गुरुग्राम में देर रात क्राइम ब्रांच सेक्टर-40 की टीम और कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात की फिराक में क्षेत्र में घूम रहे थे। कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम ने मानेसर क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान सहारावन गांव के आसपास पुलिस और आरोपियों का आमना-सामना हो गया। पुलिस को देखते ही दोनों युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां क्राइम ब्रांच की सरकारी गाड़ी को भी लगीं, हालांकि टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित रहे।
हालात को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे मौके से भाग नहीं सके। इसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।
प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्ण उर्फ रोनी और प्रवेश के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के कंझावला इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध पिस्तौल और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
घायल आरोपियों को उपचार के लिए गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और गैंग के अन्य सदस्यों से उनके क्या संबंध हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।




