Bilkul Sateek News
Reporter: Manuj Sharma
Author: Manuj Sharma
गुरुग्राम से पूरे हरियाणा में दौड़ेंगी नई ERV गाड़ियां, CM नायब सैनी ने दिखाई हरी झंडी
गुरुग्राम में रविवार को हरियाणा पुलिस के आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र (ERV) को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा पुलिस के बेड़े में शामिल की गई 310 नई मोटरसाइकिलों और 2 Honda Elevate कारों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये सभी वाहन Honda Motor Foundation द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत हरियाणा पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं। इनका इस्तेमाल आपातकालीन परिस्थितियों में तेज़ पुलिस सहायता पहुंचाने के लिए किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि जहां देश में इमरजेंसी रिस्पांस वाहनों का औसत प्रतिक्रिया समय करीब 16 से 18 मिनट माना जाता है, वहीं हरियाणा पुलिस ने इसे घटाकर केवल 7 मिनट 3 सेकंड तक पहुंचा दिया है। उन्होंने इसे सुशासन और बेहतर पुलिसिंग का उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार पुलिस विभाग को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस कर रही है। नई ERV गाड़ियां इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हैं, जिससे पुलिस की पहुंच और प्रतिक्रिया क्षमता दोनों मजबूत होंगी। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की।
इन वाहनों का उपयोग गुरुग्राम समेत प्रदेश के विभिन्न संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किया जाएगा। खासतौर पर संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोटरसाइकिल ERV तेजी से मौके पर पहुंच सकेंगी, जिससे अपराध नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
वाहनों के वितरण की बात करें तो गुरुग्राम को 60 मोटरसाइकिलें और एक Honda Elevate वाहन मिला है, जबकि फरीदाबाद को 40 मोटरसाइकिलें और एक Honda Elevate दी गई है। शेष 210 मोटरसाइकिलें हरियाणा के अन्य जिलों में भेजी जाएंगी।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (DGP) Ajay Singhal ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए अत्याधुनिक वाहनों के शामिल होने से राज्य में कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने कहा कि ERV वाहन किसी भी आपात सूचना पर बेहद कम समय में घटनास्थल तक पहुंचकर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री Rao Narbir Singh, पटौदी विधायक Bimla Devi, गुरुग्राम विधायक Mukesh Sharma, गुरुग्राम पुलिस आयुक्त Shivas Kaviraj सहित पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




