Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गर्मी की छुट्टियों को बच्चों के लिए उपयोगी और यादगार बनाने के उद्देश्य से गुरुग्राम के डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खांडसा रोड में 15 दिवसीय स्पोर्ट्स समर कैंप की शुरुआत कर दी गई है। कैंप का आयोजन 1 जून से 15 जून तक किया जाएगा। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इसका उद्देश्य बच्चों को खेलों से जोड़ना, उनकी फिटनेस बेहतर बनाना और टीम भावना को मजबूत करना है।

विद्यालय के प्राचार्य सुभाष अटलखा ने बताया कि यह कैंप पूरी तरह निशुल्क आयोजित किया जा रहा है। कैंप में स्कूल के छात्र सुबह 6 बजे से 8 बजे तक विभिन्न खेल गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं। पहले ही दिन करीब 200 छात्रों ने उत्साह के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कैंप में क्रिकेट, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, एथलेटिक्स और जिम्नास्टिक सहित कई खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षित कोच जय भगवान, जोगिंदर, शोभा शर्मा और मनोज कुमार बच्चों को खेलों की बारीकियां सिखा रहे हैं।

स्कूल प्रबंधन के अनुसार, कैंप के दौरान बच्चों को दूध, फल और पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे शारीरिक रूप से स्वस्थ और ऊर्जावान बने रहें।
प्राचार्य ने बताया कि आज के समय में बच्चों का अधिकतर समय मोबाइल और स्क्रीन पर बीतता है। ऐसे में खेल गतिविधियां उन्हें सक्रिय जीवनशैली अपनाने और नई ऊर्जा के साथ सीखने का अवसर देती हैं। स्कूल का प्रयास है कि छुट्टियों के दौरान बच्चे खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीमवर्क जैसी महत्वपूर्ण खूबियां विकसित करें।




