Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाले मामले में पुलिस ने 5 माह के बच्चे की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने अपने ही बेटे को जहरीला पदार्थ खिलाकर मौत के घाट उतार दिया था।

पुलिस के अनुसार, 5 जनवरी 2025 को बिलासपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर इलाके से सूचना मिली थी कि एक 5 माह के बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक बच्चे की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वर्ष 2023 से आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों की सहमति से एक बेटे का जन्म हुआ था। महिला का आरोप था कि बच्चे के जन्म के बाद उनके रिश्तों में लगातार तनाव रहने लगा था और आरोपी बच्चे को पसंद नहीं करता था।
शिकायत के अनुसार, 4 जनवरी 2025 को आरोपी बच्चे को अपने साथ बाहर घुमाने के लिए ले गया था। कुछ देर बाद वह बच्चे को वापस लेकर आया और उसकी तबीयत खराब होने की बात कही। इसके बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर पर बेटे की हत्या का शक जताया था। शिकायत के आधार पर बिलासपुर थाना पुलिस ने हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विक्रमजीत (23), निवासी बररी गांव, जिला हिसार को 1 जून 2026 को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले से शादीशुदा था। इसके बावजूद वह महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्चे के जन्म से खुश नहीं था और महिला पर गर्भपात कराने का दबाव भी बना रहा था। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि इसी वजह से उसने 4 जनवरी 2025 को बच्चे को जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी।




