Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। सेक्टर-21 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने शुक्रवार को सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई की। पुलिस बल की मौजूदगी में इंफोर्समेंट टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन को खाली कराया और वहां बाउंड्री वॉल भी कराई।

एचएसवीपी के शहरी संपदा अधिकारी-1 राकेश सैनी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के दौरान उपमंडल अभियंता (एसडीओ) गौरव यादव ने बताया कि सेक्टर-21 की इस सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने गाड़ियों की पार्किंग बनाकर और अवैध रास्ता तैयार कर कब्जा कर रखा था। शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब पांच प्लॉट के बराबर जमीन को खाली कराया और पीछे की ओर रेडीमेड बाउंड्री वॉल लगवाई। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस की मदद से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
अधिकारियों ने साफ कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में किसी ने दोबारा कब्जा करने या बनाई गई दीवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जेई आनंद प्रकाश ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा।
वहीं संजीव यादव ने कहा कि कई बार पर्याप्त पुलिस बल नहीं मिलने के कारण ऐसी कार्रवाई प्रभावित होती है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की कार्रवाई के लिए केवल पांच पुलिसकर्मी उपलब्ध कराए गए थे।
बताया गया कि कार्रवाई से दो दिन पहले इलाके में मुनादी कराकर लोगों को जमीन खाली करने की सूचना दे दी गई थी। इस दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं उपमंडल अभियंता ज्ञानचंद शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे।
कार्रवाई के दौरान संजीव यादव, बलविंदर, वीरेंद्र, धर्मेंद्र और सर्वे टीम के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।




