Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम साइबर पुलिस ने फेसबुक पर गाय और भैंस बेचने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी फेसबुक पेज बनाकर पशु बिक्री के नाम पर लोगों से पैसे वसूलता था।

पुलिस के मुताबिक, साइबर दक्षिण थाना की टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर डीएलएफ फेज-3 के यू-ब्लॉक में छापेमारी कर आरोपी साजिद को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के बामनी गांव का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम में रह रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने एक साथी के साथ मिलकर फेसबुक पर “Chaudhry Dairy Farm” नाम से फर्जी पेज चला रहा था। इस पेज पर गाय और भैंस बेचने के विज्ञापन डाले जाते थे। जब कोई व्यक्ति पशु खरीदने के लिए संपर्क करता था तो उससे पंजीकरण, GPS ट्रैकिंग, ट्रांसपोर्ट और विभिन्न राज्यों की NOC के नाम पर पैसे ट्रांसफर करवा लिए जाते थे।
एक शिकायत में सामने आया कि आरोपियों ने इसी तरह एक व्यक्ति से करीब 90 हजार रुपये की ठगी की। पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपी ठगी की रकम में से लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा अपने पास रखता था और बाकी रकम अपने साथी को भेज देता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके अन्य साथियों, बैंक खातों, पैसों के लेन-देन और अन्य संभावित वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है।




