Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सेक्टर-37 में बेकाबू ट्रेनिंग बस ने मचाया हड़कंप, एक की मौत, तीन घायल
गुरुग्राम। शहर के सेक्टर-37 इलाके में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हरियाणा रोडवेज ट्रेनिंग स्कूल की एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रहे लोगों की ओर बढ़ गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। कई लोगों ने समय रहते रास्ते से हटकर अपनी जान बचाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में कई वाहनों को टक्कर मारती हुई आगे बढ़ती रही। स्थानीय लोगों ने चालक को बस रोकने के लिए आवाजें लगाईं, लेकिन बस नहीं रुकी। इससे नाराज लोगों ने बस पर पथराव भी किया।
घायलों को आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
लंच ब्रेक के दौरान बस लेकर निकला ट्रेनी ड्राइवर: प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस नए चालकों की ट्रेनिंग के लिए निर्धारित रूट पर चलाई जा रही थी। रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक दोपहर में लंच ब्रेक के दौरान एक ट्रेनी ड्राइवर बिना अनुमति बस लेकर निकल गया।
ट्रेनिंग इंचार्ज सुरेश ने बताया कि बस इंस्पेक्टर विद्यानंद की निगरानी में प्रशिक्षण रूट पर थी। नियमित बस खराब होने के कारण उस दिन इस ट्रेनिंग बस को रूट पर भेजा गया था। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत दो बसों में कुल 31 प्रशिक्षु चालक सवार थे।
हादसे के बाद बस छोड़कर फरार हुआ आरोपी: जानकारी के अनुसार आरोपी ट्रेनी चालक बस को निर्धारित मार्ग से हटाकर खांडसा रोड की तरफ ले गया, जहां उसने कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। बाद में वह बस को सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क के पास छोड़कर फरार हो गया।
इंस्पेक्टर विद्यानंद ने बताया कि लंच के दौरान सभी प्रशिक्षु बस से नीचे थे। इसी दौरान कादीपुर निवासी ट्रेनी चालक भारत बस लेकर निकल गया। काफी तलाश के बाद हादसे की सूचना मिली।
मृतक फैक्ट्री कर्मचारी था: हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 56 वर्षीय रवि शंकर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के सतना जिले का रहने वाला था और सेक्टर-37 स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत था।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना: घटना के सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बस एक पैदल व्यक्ति को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है। दूसरे वीडियो में बस एक गली की ओर मुड़ती नजर आती है, जहां खड़े एक लोडिंग ऑटो से टक्कर होते-होते बची। मौके पर मौजूद लोगों ने ऑटो को हटाकर बड़ा हादसा टाल दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच: सेक्टर-10 थाना प्रभारी दिलबाग ने बताया कि मामले की जांच जारी है। रोडवेज अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। फरार ट्रेनी चालक की पहचान हो चुकी है और उसे जल्द गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और रोडवेज रिकॉर्ड के आधार पर मामले की जांच कर रही है।




