Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
DLF फेज-3 से शुरू होगा अवैध निर्माणों और अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ा अभियान
गुरुग्राम में रिहायशी इलाकों में किए गए अवैध निर्माणों और नियमों के खिलाफ चल रही गतिविधियों पर अब सख्त कार्रवाई होने जा रही है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (TCP) विभाग ने DLF फेज-1 से फेज-5 तक विशेष एनफोर्समेंट अभियान चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। इसकी शुरुआत अगले सप्ताह DLF फेज-3 से होगी।

विभाग के अनुसार यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 29 मई 2026 के आदेश के बाद की जा रही है। हाईकोर्ट ने पहले दिए गए अंतरिम राहत आदेश को केवल उन संपत्ति मालिकों तक सीमित कर दिया है जो मामले में पक्षकार हैं। जिन लोगों के पास किसी सक्षम अदालत का स्टे या यथास्थिति आदेश नहीं है, उनके खिलाफ विभाग कार्रवाई शुरू कर रहा है।
विभागीय रिकॉर्ड के मुताबिक DLF के पांचों फेज में 3,500 से ज्यादा ऐसी संपत्तियां हैं जिन पर अदालत की रोक नहीं है। वहीं कुल 5,099 मकान मालिकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनकी जानकारी विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
TCP विभाग ने DLF फेज-3 की 300 से अधिक संपत्तियों के लिए 12 और 13 जून को फाइनल रेस्टोरेशन ऑर्डर जारी किए हैं। जिन मामलों में संपत्ति मालिकों ने विभाग को जवाब दिया था, उनमें भी कार्रवाई संबंधी आदेश जारी किए जा चुके हैं।
अभियान के दौरान स्टिल्ट पार्किंग में किए गए अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। स्वीकृत नक्शे के विपरीत बने हिस्सों को तोड़ा जाएगा। इसके अलावा अवैध रूप से चल रहे पीजी, गेस्ट हाउस और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को सील किया जाएगा। सड़क और राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में हुए अतिक्रमण भी हटाए जाएंगे।
विभाग ने कार्रवाई के लिए विशेष टीमों का गठन कर लिया है और जरूरी मशीनरी भी तैयार कर ली गई है।
डीटीपीई अमित माधोलिया ने संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अवैध निर्माण और नियमों के उल्लंघन को खुद हटा लें। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करने पर कानून के तहत ध्वस्तीकरण, सीलिंग और अन्य सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि कार्रवाई के दौरान कोई बाधा डालने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है




