Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: शहर के नए जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर ‘टावर ऑफ जस्टिस’ का उद्घाटन 12 जुलाई को किया जाएगा। इस मौके पर भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा भी शामिल होंगे।

उद्घाटन से पहले पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस हरसिमरन सिंह, बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन एवं गुरुग्राम डिवीजन के इंस्पेक्टिंग जज जस्टिस रोहित कपूर और कमेटी की सदस्य जस्टिस अराधना साहनी ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कोर्ट रूम, न्यायिक अधिकारियों के कार्यालय, वेटिंग एरिया, पार्किंग, एंट्री-एग्जिट, सुरक्षा, बिजली, पेयजल और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उद्घाटन से पहले सभी काम तय समय में पूरे कर लिए जाएं।
न्यायाधीशों ने कहा कि समारोह में सुप्रीम कोर्ट, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, जिला न्यायपालिका और कई अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मेहमान आएंगे। ऐसे में सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, स्वागत और साफ-सफाई समेत सभी इंतजाम बेहतर और प्रोटोकॉल के मुताबिक होने चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें ताकि उद्घाटन समारोह बिना किसी परेशानी के सफल और यादगार बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा, एडीसी सोनू भट्ट, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गगनजीत कौर और सुनीता ग्रोवर समेत न्यायिक, प्रशासनिक और पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




