Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
डीएलएफ फेज-3 में दूसरे दिन भी चला बुलडोजर, अवैध निर्माण तोड़े और कई हिस्से किए गए सील
गुरुग्राम | 4 जुलाई 2026 : गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 के एस ब्लॉक में शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी रेस्टोरेशन और सीलिंग अभियान चलाया गया। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के तहत टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (डीटीपी) विभाग ने पुलिस और जिला प्रशासन की मौजूदगी में स्टिल्ट पार्किंग में किए गए अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की।

डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान कई इमारतों में बने अवैध सर्वेंट रूम, गार्ड रूम, किचन, टॉयलेट, स्टोर और लिफ्ट लॉबी को जेसीबी से हटाया गया। वहीं कई जगहों पर अवैध हिस्सों को सील भी किया गया।
एस-15/5 में स्टिल्ट पार्किंग में बने अवैध निर्माण और दो सर्वेंट क्वार्टर तोड़े गए। एस-15/7 में तीन सर्वेंट रूम, एक किचन, दो टॉयलेट, दो बाथरूम और एक स्टोर हटाया गया। एस-15/18 में अवैध सर्वेंट क्वार्टर को सील कर दिया गया।
एस-14/7 में चार सर्वेंट रूम, एक टीवी लाउंज और एक टॉयलेट का कुछ हिस्सा तोड़ा गया। बाकी अवैध निर्माण खुद हटाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने साफ किया है कि तय समय तक निर्माण नहीं हटाने पर भवन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
इसके अलावा एस-16/7 और एस-16/8 में बने अवैध सर्वेंट क्वार्टर और अन्य निर्माण हटाए गए। एस-13/14 में चार गार्ड रूम और एक टॉयलेट तोड़ा गया। एस-13/18 में स्टिल्ट पार्किंग के अवैध निर्माण हटाने के साथ पांचवीं मंजिल पर बने दो कमरे और लॉबी को सील किया गया। एस-13/20 में भी दो सर्वेंट रूम और एक टॉयलेट ध्वस्त किया गया।
अभियान के दौरान एस-11/5 में चार अवैध कमरे और बैक एंट्री को सील किया गया। एस-11/6 में चार सर्वेंट क्वार्टर, जबकि एस-11/7 में तीन कमरे, तीन टॉयलेट और बेसमेंट में चल रहे कार्यालय को सील किया गया। एस-11/2 में भी तीन अवैध सर्वेंट रूम सील किए गए।
डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। स्टिल्ट पार्किंग में किए गए अवैध निर्माण और स्वीकृत नक्शे के विपरीत बनाए गए ढांचों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई को है, जिसके लिए विभाग अपनी स्टेटस रिपोर्ट अदालत में पेश करेगा।




