Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
25 आपराधिक केस वाले दो बदमाशों के 5 ठिकानों पर चला बुल्डोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त
गुरुग्राम | 7 जुलाई 2026 गुरुग्राम पुलिस ने जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत आदतन अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके 5 ठिकानों पर बुल्डोजर चलाया। इस दौरान अवैध रूप से बने मकान और बोरवेल को जिला प्रशासन की मौजूदगी में तोड़ दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई धनकोट नगर के पास की गई। यहां नरेंद्र उर्फ पव्वा और सन्नी उर्फ डोगरा, दोनों निवासी धनवापुर, द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 6 जुलाई को इन अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नरेंद्र उर्फ पव्वा के खिलाफ हत्या के प्रयास, डकैती, मारपीट, Arms Act समेत 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं सन्नी उर्फ डोगरा पर हत्या के प्रयास, डकैती, मारपीट और Arms Act सहित 13 केस दर्ज हैं। यानी दोनों पर मिलाकर 25 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह पूरी कार्रवाई क्राइम ब्रांच पालम विहार और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि अपराध से जुड़ी अवैध संपत्तियों, कब्जों और आर्थिक नेटवर्क पर इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने साफ किया कि शहर को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे ऑपरेशन लगातार चलाए जाएंगे।




