Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
चंडीगढ़/जींद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को एक बार फिर हरियाणा दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यकाल में यह पीएम मोदी का पांचवां हरियाणा दौरा होगा। पिछले करीब दो साल में उनके हर दौरे पर राज्य को कोई न कोई बड़ी विकास परियोजना मिली है और इस बार भी जींद से कई अहम सौगातें मिलने जा रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस दौरे के दौरान भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा हरियाणा के लिए कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। माना जा रहा है कि यह दौरा राज्य के बुनियादी ढांचे और रेलवे विकास के लिहाज से काफी अहम होगा।
पिछले दो वर्षों में केंद्र और हरियाणा सरकार के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला है। इसी दौरान कई बड़ी परियोजनाएं जमीन पर उतरी हैं। दिसंबर 2024 में पानीपत से एलआईसी की बीमा सखी योजना की शुरुआत हुई और महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी गई।
इसके बाद अप्रैल 2025 में हिसार में महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का शिलान्यास हुआ और हिसार से अयोध्या के लिए पहली उड़ान शुरू की गई। वहीं यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और सोनीपत में भी कई विकास और सांस्कृतिक परियोजनाओं को मंजूरी मिली।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार योजनाओं की समीक्षा और उनके समय पर क्रियान्वयन पर जोर देते रहे हैं। सरकार का दावा है कि चुनाव के दौरान किए गए 217 संकल्पों में से 63 वादे पूरे किए जा चुके हैं।
अब सभी की नजर 17 जुलाई के जींद दौरे पर है। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा हरियाणा के विकास को नई रफ्तार देगा और राज्य को कई नई परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।




