Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार को एक बार फिर बम की धमकी मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। ई-मेल के जरिए शहर के एमिटी स्कूल, सालवन पब्लिक स्कूल, एयरफोर्स स्कूल और मिनी सचिवालय को निशाना बनाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत संबंधित स्कूलों को एहतियातन खाली कराया गया। छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद बच्चों की छुट्टी कर उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं, सभी स्थानों पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल पूरे मामले पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। शुरुआती जांच में साइबर सेल को भी शामिल किया गया है, जो धमकी भरे ई-मेल की उत्पत्ति और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
फिलहाल किसी भी परिसर से संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।




