Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में शनिवार को NH-48 पर ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो गई। नरसिंहपुर स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हाई वोल्टेज बिजली की लाइन टूटकर सड़क के पास गिर गई, जिसके चलते एहतियात के तौर पर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दिल्ली से जयपुर और जयपुर से दिल्ली जाने वाले दोनों कैरिजवे के साथ-साथ सर्विस रोड पर भी ट्रैफिक बंद किया गया है। यह फैसला लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर लाइन को सुरक्षित करने का काम कर रही है।
जब तक हाई वोल्टेज लाइन को हटाकर रास्ते को पूरी तरह सुरक्षित नहीं कर दिया जाता, तब तक ट्रैफिक सामान्य नहीं किया जाएगा। ऐसे में इस रूट से सफर करने वाले लोग घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें और यदि संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।




