Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
DLF फेज-4 में DTPE का पहला बड़ा एक्शन, 10 इमारतें सील, अवैध निर्माण भी हटाए
गुरुग्राम के DLF फेज-4 में शनिवार को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग (DTPE) ने अवैध व्यावसायिक गतिविधियों और नियमों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान 10 इमारतों में चल रही अलग-अलग व्यावसायिक गतिविधियों को सील किया गया, जबकि कई जगहों पर स्टिल्ट पार्किंग और सेटबैक में किए गए अवैध निर्माण भी हटाए गए।

यह कार्रवाई DTPE अमित माधोलिया की अगुवाई में पुलिस और जिला प्रशासन की मौजूदगी में की गई। विभाग के मुताबिक जिन भवनों पर कार्रवाई हुई, उन्हें पहले ही नोटिस दिए जा चुके थे, लेकिन तय समय के बाद भी नियमों का पालन नहीं किया गया।
इन जगहों पर हुई कार्रवाई: सबसे पहले प्लॉट नंबर 1210 पर चल रहे स्काईलाइन कार डिटेलिंग सेंटर को सील किया गया। साथ ही साइड सेटबैक में किया गया अवैध निर्माण भी मौके पर ही हटाया गया।
इसके बाद प्लॉट नंबर 1214 में बने 18 कमरों वाले अवैध PG और प्लॉट नंबर 1217 में ऑनलाइन बुकिंग के जरिए चल रहे 22 कमरों वाले गेस्ट हाउस को सील कर दिया गया। इसी भवन की स्टिल्ट पार्किंग में बने ऑफिस पर भी कार्रवाई हुई।
प्लॉट नंबर 4112 में बेसमेंट से तीसरी मंजिल तक संचालित योग केंद्र, क्लीनिक और अस्पताल को सील किया गया। वहीं प्लॉट नंबर 4111 में बने 14 कमरों वाले भवन पर भी सीलिंग की कार्रवाई हुई।
प्लॉट नंबर 4105 में बेसमेंट में चल रहे ऑफिस और ग्राउंड फ्लोर पर बने जिम को सील किया गया। वहीं प्लॉट नंबर 4106 में बेसमेंट में चल रहे क्लाउड किचन पर कार्रवाई की गई। हालांकि यहां स्टिल्ट पार्किंग में बना अवैध ऑफिस और फैमिली रूम भवन मालिक ने विभाग के पहुंचने से पहले ही हटा दिया था।
प्लॉट नंबर 4001 में बेसमेंट के जिम, ग्राउंड फ्लोर के क्लीनिक और दूसरी मंजिल पर चल रहे स्पा को सील किया गया। वहीं प्लॉट नंबर 4305 में बेसमेंट के डांस स्टूडियो और ग्राउंड फ्लोर के क्लीनिक पर भी विभाग ने कार्रवाई की।
साया क्लीनिक पर सबसे बड़ी कार्रवाई: अभियान के दौरान सबसे बड़ी कार्रवाई प्लॉट नंबर 4301 पर हुई। यहां डबल बेसमेंट से लेकर तीसरी मंजिल तक पूरी इमारत में साया क्लीनिक संचालित किया जा रहा था। विभाग ने पूरे भवन को सील कर दिया।
कुछ जगह विरोध, लेकिन कार्रवाई जारी रही: कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में पूरा अभियान शांतिपूर्वक पूरा कराया गया। विभाग ने साफ किया कि संबंधित भवन मालिकों और संचालकों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे।
आगे भी जारी रहेगा अभियान: DTPE अमित माधोलिया ने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत DLF फेज-1 से फेज-5 तक रेस्टोरेशन और सीलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। रिहायशी इलाकों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियां, स्टिल्ट पार्किंग में अवैध निर्माण और भवन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जिन्हें नोटिस मिल चुके हैं, वे खुद ही अवैध निर्माण हटाकर नियमों का पालन करें, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके।




