Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
सोहना। गुरुग्राम के सोहना स्थित GLS अफोर्डेबल हाउसिंग सोसाइटी में पार्किंग को लेकर चल रहा विवाद अब हिंसक मोड़ पर पहुंच गया है। मंगलवार देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने सोसाइटी परिसर में खड़ी करीब 14 कारों के शीशे तोड़ दिए। घटना के बाद गुस्साए निवासियों ने देर रात तक विरोध प्रदर्शन किया और सोसाइटी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को शांत कराया। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद फिलहाल एक अंतरिम व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत 23 जुलाई तक पूर्व आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, प्रमोद शर्मा, पूर्व पार्षद जगमिंदर खटाना, अमित गुप्ता समेत कुछ निवासी अपने चारपहिया वाहन सोसाइटी परिसर में खड़े कर सकेंगे। इसी दिन एसडीएम कार्यालय में पार्किंग विवाद की सुनवाई भी प्रस्तावित है, जहां आगे की व्यवस्था पर फैसला लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सोसाइटी प्रबंधन का कहना है कि एसडीएम के निर्देशों के चलते परिसर के भीतर चारपहिया वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसी वजह से अंदर पार्किंग पर रोक लगाई गई है। हालांकि कुछ निवासी अब भी अपने वाहन परिसर में खड़े कर रहे हैं, जिससे लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई है।
वहीं, निवासियों का आरोप है कि उन्हें मजबूरन बाहर मौजूद निजी पार्किंग का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जहां वाहन खड़ा करने के लिए मनमाना शुल्क लिया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे हर महीने अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और वाहन सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
सोसाइटी के लोगों का यह भी कहना है कि आरडब्ल्यूए भंग होने के बाद पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई। उनका दावा है कि पहले परिसर में 300 से 400 चारपहिया वाहनों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध थी और किसी तरह की परेशानी नहीं होती थी। अब पुरानी व्यवस्था खत्म होने से विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है।
घटना के बाद वाहन मालिकों ने कारों में तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




