Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। जिले के सोहना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब सिलानी अड्डा स्थित बाजार में सब्जी बेच रहे दो सगे भाइयों पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, घायल युवक गांव उलेटा के रहने वाले हैं और लंबे समय से सिलानी अड्डा बाजार में सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो युवक अचानक दुकान पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के दोनों भाइयों पर हमला बोल दिया। हमलावर लगातार लाठी-डंडों से वार करते रहे, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायलों को सबसे पहले सोहना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने एक घायल को बेहतर इलाज के लिए अलवर और दूसरे को फरीदाबाद रेफर कर दिया। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घायल युवकों के भाई ने बताया कि उनके परिवार की किसी से हाल में कोई रंजिश या विवाद नहीं था। ऐसे में हमला किस वजह से किया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
उधर, सोहना थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।




