Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
पलवल। पलवल पुलिस ने हथियार तस्करी और गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश सोनू उर्फ प्रमोद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से दो बार की पुलिस रिमांड के दौरान दो विदेशी पिस्टल, एक देसी .32 बोर पिस्टल, एक .12 बोर डबल बैरल बंदूक, एक रिवॉल्वर और कुल 230 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई एफआईआर नंबर 169/2026 के तहत की गई। आरोपी को 18 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया था। पहली रिमांड के दौरान उसके कब्जे से एक ग्लॉक विदेशी पिस्टल, एक रिवॉल्वर और 226 कारतूस बरामद हुए। इसके बाद दूसरी रिमांड में एक विदेशी PX-3 पिस्टल, .32 बोर पिस्टल, 4 कारतूस और एक डबल बैरल बंदूक भी बरामद की गई।
पुलिस का कहना है कि आरोपी नीरज फरीदपुर गैंग का सक्रिय सदस्य है और अवैध हथियारों की सप्लाई का काम करता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गैंग अपनी आपराधिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए हथियारों का इस्तेमाल और सप्लाई करता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, फिरौती, धमकी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के एक हत्या के प्रयास के मामले में भी वांछित था, जिसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पलवल पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है। उम्मीद है कि पूछताछ में हथियार सप्लाई नेटवर्क और गैंग से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।




