Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। शादी का वादा कर एक महिला से दुष्कर्म करने और उसके नाम पर करीब 20 लाख रुपये का लोन लेकर ठगी करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर महिला को शादी का भरोसा दिलाया, फिर उसके नाम पर अलग-अलग वित्तीय संस्थानों से लोन दिलवाकर रकम अपने खातों में ट्रांसफर करा ली। बाद में शादी से इनकार कर दिया और लोन की किस्तें भी भरनी बंद कर दीं।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने 26 मार्च 2026 को डीएलएफ फेज-3 थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि साल 2024 में उसकी पहचान एक मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म के जरिए एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का वादा कर महिला का भरोसा जीत लिया। आरोप है कि इसी दौरान उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उसके नाम पर करीब 20 लाख रुपये का लोन अलग-अलग वित्तीय संस्थानों से पास कराया और पूरी रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर ली। कुछ समय बाद दोनों ने लोन की ईएमआई भरनी बंद कर दी, शादी से इनकार कर दिया और महिला से संपर्क भी तोड़ लिया।
मामले की जांच के दौरान डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने गुरुवार को आरोपी अक्षय भट्ट (30) को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से राजस्थान के जयपुर जिले के फागी का रहने वाला है और फिलहाल जयपुर के प्रताप नगर, हल्दीघाटी इलाके में रह रहा था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने महिला को शादी का झांसा देकर उसके नाम पर लोन लेने और रकम अपने पास ट्रांसफर कराने की बात स्वीकार की है। पुलिस मामले में उसके दूसरे साथी की तलाश कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




