Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
सेक्टर-14 और सेक्टर-5 में HSVP का अतिक्रमण हटाओ अभियान, 200 मकानों के आगे से हटाए अवैध कब्जे
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने गुरुग्राम के सेक्टर-14 और सेक्टर-5 में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। सेक्टर-14 में दो जेसीबी मशीनों की मदद से करीब 200 मकानों के आगे किए गए अवैध कब्जे हटाए गए। वहीं सेक्टर-5 में करीब डेढ़ एकड़ सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इस दौरान करीब 30 झुग्गी-झोपड़ियां हटाने के साथ-साथ करीब 30 मकानों के आगे बने रैंप और ग्रिल भी हटाए गए।

सेक्टर-14 में यह कार्रवाई HSVP के शहरी संपदा अधिकारी नंबर-1 राकेश सैनी के निर्देश पर की गई। अभियान के दौरान सेक्टर-14 थाने से भारी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
HSVP की एनफोर्समेंट टीम नंबर-1 के ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ परमिंदर ने बताया कि सेक्टर में कई लोगों ने ग्रीन बेल्ट और खाली सरकारी जमीन पर पेड़-पौधे लगाने के साथ ग्रिल, चबूतरे और दूसरे निर्माण कर रखे थे। कई जगह सड़क के किनारे की सरकारी जमीन को भी लोगों ने अपने घर के आंगन का हिस्सा बना लिया था। अतिक्रमण को लेकर HSVP के अधिकारियों के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं। शिकायतों के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण और कब्जे हटाए।
पहले कराई गई थी मुनादी: जेई आनंद प्रकाश ने बताया कि कार्रवाई से पहले पूरे सेक्टर में मुनादी कराई गई थी। लोगों को अपने घरों के बाहर लगी ग्रिल, चबूतरे, रैंप और अन्य अवैध निर्माण खुद हटाने के लिए कहा गया था। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि कब्जे नहीं हटाने पर HSVP की टीम जेसीबी से कार्रवाई करेगी।
जेई ललित ने बताया कि कई लोगों ने बागवानी के नाम पर सरकारी जमीन पर ग्रिल लगाकर पार्किंग की जगह और चबूतरे बना लिए थे। धीरे-धीरे इन जगहों पर कब्जे बढ़ते जा रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक न्यायालय के आदेशों के पालन में यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कुछ जगह स्थानीय लोगों और अधिकारियों के बीच कहासुनी भी हुई, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही। जेसीबी को मौके पर देखकर कई लोगों ने खुद भी अपने कब्जे हटाने शुरू कर दिए।
एनफोर्समेंट टीम के संजीव यादव बामडोली ने बताया कि सेक्टर-14 के निवासी लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या को लेकर परेशान थे। इस संबंध में HSVP को कई शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद अभियान चलाया गया।




