Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नेटवर्क पर कसा शिकंजा
गुरुग्राम। 12 अगस्त 2026। गुरुग्राम पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे गैंगस्टरों से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने दीपक नांदल, उसकी पत्नी मीनाक्षी और हिमांशु भाऊ से जुड़े गिरोह के 7 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली के चांदनी चौक में हवाला का काम करने वाला एक आरोपी भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस, 6 मोबाइल फोन और हवाला में इस्तेमाल किया जाने वाला आधा करेंसी नोट बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से करीब ढाई दर्जन आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
बिल्डरों, कारोबारियों और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को बनाते थे निशाना: एसीपी ललित ने पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरोह गुरुग्राम के अलावा हरियाणा और दिल्ली-NCR में सक्रिय था। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य बिल्डरों, व्यापारियों और बॉलीवुड, हरियाणवी व म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को फोन कर अवैध वसूली और फिरौती के लिए धमकाते थे।
पुलिस का कहना है कि आम लोगों में डर पैदा करने के लिए गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया पर आपराधिक वारदातों की जिम्मेदारी भी लेते थे, जिससे इलाके में अपनी दहशत कायम की जा सके।
रेकी से लेकर रंगदारी की रकम पहुंचाने तक पूरा नेटवर्क: पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सिर्फ धमकी देने तक सीमित नहीं थे, बल्कि गिरोह के लिए अलग-अलग काम संभाल रहे थे। पुलिस के मुताबिक, संदीप, बलविंदर उर्फ सोनू नांदल, योगेश उर्फ कछुआ और शुभम सिक्का समेत अन्य आरोपी कारोबारियों के मोबाइल नंबर जुटाने, उनके घर और ऑफिस की रेकी कराने तथा वसूली गई रकम को गिरोह के फरार सदस्यों तक पहुंचाने में मदद करते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की भूमिका गिरोह के सदस्यों तक हथियार और कारतूस पहुंचाने में भी सामने आई है।
चांदनी चौक के हवाला नेटवर्क का भी कनेक्शन: गिरफ्तार आरोपियों में गौरव अरोड़ा भी शामिल है, जो दिल्ली के चांदनी चौक में हवाला का काम करता है। पुलिस के मुताबिक, आपराधिक गतिविधियों से जुटाए गए पैसों को हवाला के जरिए गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाने के लिए इस नेटवर्क का इस्तेमाल किया जाता था।
गौरव के कब्जे से हवाला में इस्तेमाल होने वाला आधा करेंसी नोट भी बरामद किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है।
विदेश में बैठे गैंगस्टरों से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क: पुलिस जांच के अनुसार, दीपक नांदल और हिमांशु भाऊ फिलहाल विदेश में फरार हैं। पुलिस का आरोप है कि दोनों सोशल मीडिया और दूसरे डिजिटल माध्यमों के जरिए गिरोह के स्थानीय सदस्यों के संपर्क में रहकर आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं।
अब पुलिस विदेश में बैठे आरोपियों से जुड़े स्थानीय नेटवर्क, डिजिटल संपर्क, पैसों के लेन-देन और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड: पुलिस के मुताबिक, योगेश उर्फ कछुआ के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में 8 मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, जान से मारने की धमकी, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
संदीप हुड्डा के खिलाफ रोहतक में हत्या और आर्म्स एक्ट के 2 मामले दर्ज हैं। रोहित उर्फ शक्ति के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत 2 मामले दर्ज बताए गए हैं।
वहीं बलविंदर उर्फ सोनू के खिलाफ हरियाणा में हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और प्रिजन एक्ट समेत 17 मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से करीब ढाई दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ये 7 आरोपी गिरफ्तार: गुरुग्राम पुलिस ने जिन सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान योगेश उर्फ कछुआ निवासी कमला नगर, रोहतक, शुभम सिक्का निवासी कमला नगर, रोहतक, संदीप हुड्डा निवासी प्रीत विहार, रोहतक, रोहित उर्फ शक्ति निवासी गांव मैना, रोहतक, बलविंदर उर्फ सोनू निवासी गांव नांदल, रोहतक, सुरजीत निवासी गांव माकडोली, रोहतक और गौरव अरोड़ा निवासी पश्चिम विहार, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच है।
4 पिस्टल और 18 कारतूस बरामद: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्टल, 18 जिंदा कारतूस, 6 मोबाइल फोन और हवाला में इस्तेमाल आधा करेंसी नोट बरामद किया है। बरामद मोबाइल फोन और दूसरे डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों, आपराधिक वारदातों, पैसों के लेन-देन और विदेश में बैठे आरोपियों से संपर्क के बारे में और जानकारी जुटाई जाएगी




