DLF फेज-3 में DTP की बड़ी कार्रवाई, 7 मकानों से अवैध निर्माण हटाया
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-3 में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन (DTPE) की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में टीम ने वी-33, वी-34 और वी-35 में कई मकानों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की। इस दौरान स्टिल्ट पार्किंग, रियर सेटबैक और सड़क की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान V-33/6 में एस+4 मकान की स्टिल्ट पार्किंग में बनाए गए चार कमरे और दो शौचालयों को तोड़ा गया। इसके अलावा रियर सेटबैक में किए गए निर्माण को भी हटाया गया। V-33/7 में भी स्टिल्ट पार्किंग में बने चार कमरे, दो शौचालय और रियर सेटबैक में किए गए निर्माण पर कार्रवाई की गई।
इसी तरह V-34/16 में स्टिल्ट पार्किंग में बनाए गए बेडरूम, शौचालय और किचन को ध्वस्त किया गया। V-34/10ए में भी स्टिल्ट पार्किंग में बनाए गए बेडरूम, शौचालय और किचन को हटाया गया।
वहीं V-35/13 में स्टिल्ट पार्किंग के अंदर बनाए गए चार कमरे और शौचालय तोड़े गए। V-35/11 में स्टिल्ट पार्किंग में बनाए गए दो ड्राइंग रूम, सर्वेंट रूम और शौचालय को ध्वस्त किया गया।
सड़क की 15 फीट जमीन से हटाया अतिक्रमण: कार्रवाई के दौरान V-35/21 में मकान के सामने सड़क की करीब 15 फीट जमीन को कवर कर उसे फ्रंट लॉन में शामिल किए जाने का मामला सामने आया। डीटीपीई की टीम ने इस हिस्से को भी तोड़कर सड़क की जमीन को खाली कराया।
45 से 50 मकानों के सामने से 1.30 किमी रोड खाली: डीटीपीई की टीम ने डीएलएफ फेज-3 में करीब 45 से 50 मकानों के सामने लगभग 1.30 किलोमीटर हिस्से में रोड के राइट ऑफ वे (ROW) को भी अतिक्रमण मुक्त कराया। अधिकारियों के मुताबिक, मकानों के सामने अलग-अलग तरह के अतिक्रमण के कारण सड़क की उपलब्ध जगह प्रभावित हो रही थी। कार्रवाई के बाद सड़क के इस हिस्से को खाली कराया गया।
मलबा हटाने के निर्देश: तोड़फोड़ के बाद सड़क और आसपास जमा होने वाले निर्माण एवं तोड़फोड़ के मलबे (C&D Waste) को हटाने के लिए डीएलएफ प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं। डीटीपीई ने डीएलएफ फेज-3 के वी-ब्लॉक और डब्ल्यू-ब्लॉक में पड़े मलबे को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द हटाने को कहा है, ताकि लोगों के आने-जाने में परेशानी न हो।
अवैध निर्माण पर कार्रवाई जारी: डीएलएफ फेज-3 में स्टिल्ट पार्किंग के गलत इस्तेमाल, सेटबैक में निर्माण और सड़क की जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है। विभाग के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




