Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
सीएम के काफिले में व्यवधान पर 8 गिरफ्तार, पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई
गुरुग्राम, 21 अगस्त 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री के गुरुग्राम दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में व्यवधान और काफिला रोकने के प्रयास के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों ने निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस के निर्देशों की अनदेखी करते हुए मुख्यमंत्री के काफिले के सामने आने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई।

पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए गुरुग्राम में VIP सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारी निर्धारित स्थान और सुरक्षा व्यवस्था का पालन नहीं कर रहे थे। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने अचानक काफिले के सामने पहुंचकर उसे रोकने की कोशिश की।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने और समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली। इससे कुछ समय के लिए VIP सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर स्थिति संवेदनशील हो गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया और कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज यादव निवासी मानेसर, शिव निवासी घटोला, निखिल निवासी भिवानी, अनुज निवासी कन्हई, हरकेश निवासी फिरोज गांधी कॉलोनी, अमन निवासी पटौदी चौक-मनोहर नगर, राजीव यादव निवासी कृष्णा नगर और हरेन्द्र निवासी तावडू, जिला मेवात के रूप में हुई है।
पुलिस की ड्यूटी में लापरवाही पर भी कार्रवाई: VIP मूवमेंट के दौरान सुरक्षा घेरे में हुए व्यवधान को पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम ने भी गंभीरता से लिया। मामले में जिम्मेदारी तय करते हुए पुलिस उपायुक्त पश्चिम और पुलिस उपायुक्त अपराध को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
इसके अलावा थाना सिविल लाइन्स के SHO समेत मौके पर ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मियों और संबंधित जोन के सिक्योरिटी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं। वहीं इंटेलिजेंस इंचार्ज के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त ने साफ किया है कि VIP सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही, आपसी तालमेल की कमी या ड्यूटी में ढिलाई को गंभीरता से लिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था में चूक सामने आने पर जिम्मेदारी तय कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था से छेड़छाड़ नहीं: गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि हर नागरिक को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस ड्यूटी में रुकावट पैदा करने या VIP सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विरोध प्रदर्शन तय कानूनी प्रक्रिया और शांतिपूर्ण तरीके से करें तथा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन करें।
पुलिस का कहना है कि VIP सुरक्षा के दौरान किसी भी तरह की अचानक गतिविधि से सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने के साथ मौके पर मौजूद आम लोगों और प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में बाधा डालने वाले मामलों में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




