Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 19 सितंबर 2026: गुरुग्राम के सेक्टर-90 स्थित सफायर 90 मॉल में चल रहे 18 स्पा सेंटरों पर गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई रात करीब 10 बजे शुरू हुई और सुबह 3 बजे तक चली।

छापेमारी के दौरान 18 में से 8 स्पा सेंटरों में प्रथम दृष्टया संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के सबूत मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने यहां से इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल उपकरणों के साथ-साथ दस्तावेज और अन्य सामान भी जब्त किया है। अब इन सबूतों के आधार पर स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
करीब 100 पुलिसकर्मी रहे कार्रवाई में शामिल: संयुक्त कार्रवाई में करीब 100 पुलिसकर्मी शामिल रहे। इनमें करीब 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर भी थे। कार्रवाई की निगरानी एसीपी मुख्यालय-1 अभिलक्ष जोशी (HPS) ने की। वह अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत नियुक्त विशेष पुलिस अधिकारी भी हैं।
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी भी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहीं। इसके अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी कार्रवाई के दौरान मौजूद थे।
30 महिलाएं और 20 पुरुष मिले: पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान स्पा सेंटरों में करीब 30 महिलाएं और 20 पुरुष मौजूद मिले। महिलाओं से पूछताछ की जा रही है, ताकि उनकी परिस्थितियों और पूरे मामले से जुड़ी जानकारी सामने आ सके। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं कोई व्यक्ति ऐसी गतिविधियों में मदद तो नहीं कर रहा था।
मौके पर मिले पुरुषों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगे की जांच खेड़की दौला थाना पुलिस करेगी: मामले में शुरुआती कार्रवाई एसीपी मुख्यालय-1 और विशेष पुलिस अधिकारी की निगरानी में की गई है। अब आगे की जांच खेड़की दौला थाना पुलिस करेगी।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि वैध कारोबारी प्रतिष्ठानों की आड़ में चलने वाली गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में जांच अभी जारी है।




