Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 19 सितंबर। शहर में दुकानों के बाहर कूड़ा डालने और डस्टबिन नहीं रखने वाले दुकानदारों पर नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने कार्रवाई की है। इस अभियान के दौरान इस्लामपुर, सिकंदरपुर फर्नीचर मार्केट और सदर बाजार में कुल 32 चालान काटे गए और 91,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

MCG की टीम ने इस्लामपुर में कार्रवाई करते हुए 31,500 रुपये के चालान किए। वहीं, सिकंदरपुर फर्नीचर मार्केट में 50,000 रुपये और सदर बाजार में 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम के मुताबिक, दुकानों के बाहर कूड़ा डालने और डस्टबिन नहीं रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। टीम ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और अपनी दुकानों के बाहर कूड़ा नहीं डालने के लिए भी जागरूक किया।
नगर निगम ने दुकानदारों से कहा है कि वे अपनी दुकानों के बाहर डस्टबिन रखें और कचरे को खुले में न फेंकें। बाजारों में रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, ऐसे में दुकानों के आसपास सफाई रखना दुकानदारों की भी जिम्मेदारी है।
MCG ने साफ किया है कि शहर के बाजारों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने दुकानदारों और बाजार के अन्य लोगों से स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील की है।




