Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सेक्टर-7 मार्केट में देर रात दूध की सप्लाई करने पहुंचे एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमलावर ने नरेंद्र भड़ाना पर लगातार वार करने की कोशिश की। नरेंद्र ने हमले के दौरान हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का चाकू वाला हाथ पकड़ लिया, जिससे वह दूसरा बड़ा वार नहीं कर सका। हालांकि, आरोपी उनके पास मौजूद करीब 12 हजार रुपये की नकदी लेकर मौके से भाग निकला।

घटना के बाद घायल नरेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पीड़ित की पहचान के बाद पुलिस ने हरप्रीत सिंह उर्फ बॉबी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से हमले में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है।
कलेक्शन लेकर लौट रहे थे नरेंद्र: नरेंद्र भड़ाना दूध सप्लाई का काम करते हैं। रोज की तरह वह सेक्टर-7 मार्केट में दूध की डिलीवरी और कलेक्शन के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि अलग-अलग सप्लायर्स से करीब 12 हजार रुपये कलेक्ट करने के बाद वह वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान एक युवक ने उन्हें घेर लिया और चाकू से हमला शुरू कर दिया। हमले में नरेंद्र के पेट और छाती पर चोटें आईं। अचानक हुए हमले के बावजूद उन्होंने खुद को संभाला और आरोपी के हाथ को पकड़ लिया, जिसमें चाकू था।
जान बचाने के लिए भिड़े, आरोपी नकदी लेकर भागा: नरेंद्र के विरोध के बाद आरोपी दूसरा वार नहीं कर सका। दोनों के बीच हाथापाई हुई। इसी दौरान आरोपी नरेंद्र के पास रखा नकदी वाला बैग लेकर वहां से फरार हो गया।
हमले में घायल नरेंद्र को आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई।
पीड़ित ने बताया कौन था हमलावर: पुलिस के अनुसार, नरेंद्र ने होश में आने के बाद हमलावर की पहचान कृष्णा कॉलोनी निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ बॉबी के तौर पर की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चाकू बरामद किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुरानी रंजिश का शक: जांच अधिकारी पवन के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि नरेंद्र और हरप्रीत के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। इसी वजह से पुलिस इस वारदात को पुरानी रंजिश से जोड़कर भी जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमला सिर्फ नकदी लूटने के लिए किया गया था या इसके पीछे पहले से चल रहा विवाद मुख्य वजह था। आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
फिलहाल घायल नरेंद्र का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




