Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: अपराधियों और अवैध कब्जों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। मंगलवार, 29 सितंबर को पुलिस ने दो आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक के मकान को ध्वस्त कर दिया, जबकि दूसरे मकान को सीज कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट, हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, आबकारी अधिनियम और अन्य संगीन धाराओं के तहत कुल 10 मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ अभियान के तहत संबंधित विभागों के साथ मिलकर की गई।
आजाद उर्फ कालू का 50 वर्ग गज का मकान ढहाया: पहली कार्रवाई अशोक विहार फेज-3 निवासी आजाद उर्फ कालू के खिलाफ की गई। पुलिस का कहना है कि एयरफोर्स स्टेशन की दीवार के पास करीब 50 वर्ग गज जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान बनाया गया था। अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने संबंधित विभागों के साथ मिलकर मकान को ध्वस्त कर दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आजाद उर्फ कालू के खिलाफ थाना सेक्टर-5 और थाना उद्योग विहार में NDPS एक्ट, आबकारी अधिनियम, SC/ST एक्ट समेत अन्य संगीन मामलों के कुल 6 मुकदमे दर्ज हैं।
दूसरे आरोपी का करीब 100 वर्ग गज का मकान सीज: दूसरी कार्रवाई बीरू कुमार के खिलाफ की गई। पुलिस के मुताबिक, 12 बिस्वा, छोटी माता मंदिर के पास रहने वाले बीरू कुमार ने करीब 100 वर्ग गज जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान बनाया था। एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC Cell) की टीम ने संबंधित विभागों के साथ मिलकर इस मकान को सीज कर दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बीरू कुमार के खिलाफ थाना सेक्टर-14, थाना सिटी और थाना सेक्टर-9A में NDPS एक्ट, हत्या, अपहरण, मारपीट समेत अन्य मामलों के कुल 4 मुकदमे दर्ज हैं।
अवैध कब्जों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी: गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि आदतन अपराधियों और अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था कायम रखी गई।
पुलिस के मुताबिक, इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक जमीन पर अवैध कब्जों को रोकना और अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को और प्रभावी बनाना है।




