Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर युवक के अपहरण की कोशिश का पुलिस ने खुलासा किया है। अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्रॉपर्टी डील को लेकर चल रही रंजिश के चलते युवक को अगवा करने की साजिश रची थी। उनका मकसद युवक के पिता पर प्रॉपर्टी की डील रद्द करने या रुपये देने का दबाव बनाना था।

गैलेरिया मार्केट में कार में घुस गए थे तीन आरोपी: मामला 21 सितंबर का है। शिकायतकर्ता गैलेरिया मार्केट आया था और अपनी कार पार्क करने के बाद एक कैफे में चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस आया और कार में बैठने लगा, तभी एक आरोपी कार की अगली सीट पर आकर बैठ गया, जबकि दो आरोपी पीछे की सीट पर बैठ गए।
आरोप है कि अगली सीट पर बैठे आरोपी ने युवक को पिस्तौलनुमा हथियार दिखाया और अपने साथ चलने के लिए कहा। युवक ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उस पर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन हथियार से गोली नहीं चली।
मौका देखकर युवक ने तुरंत कार आगे बढ़ा दी। कार चलते ही पीछे बैठे दोनों आरोपी उतरकर भाग गए। कुछ दूर आगे स्कूटी आने के कारण युवक को कार रोकनी पड़ी। इसका फायदा उठाकर अगली सीट पर बैठा आरोपी भी कार से उतरकर भाग गया। हालांकि, उसका हथियार कार में ही छूट गया।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-29 थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने सुराग जुटाकर 5 आरोपियों को पकड़ा: मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपराध शाखा सेक्टर-43 को सौंपी गई। टीम ने अलग-अलग स्तर पर जानकारी जुटाई और आरोपियों तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की।
पुलिस ने 1 अक्टूबर को गुरुग्राम से मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण, सुमेर सिंह, शिव शंकर, अमन और हेमंत के रूप में हुई है।
प्रॉपर्टी डील बनी विवाद की वजह: पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी प्रवीण ने शिकायतकर्ता के पिता के साथ प्रॉपर्टी की डील की थी। बाद में शिकायतकर्ता के पिता ने वही प्रॉपर्टी किसी दूसरे व्यक्ति के साथ डील कर ली। इसी बात को लेकर प्रवीण नाराज था।
पुलिस के मुताबिक, प्रवीण ने अपने साथी सुमेर को पूरी बात बताई। इसके बाद दोनों ने युवक का अपहरण कर उसके पिता पर दबाव बनाने की योजना तैयार की। साजिश के तहत युवक को बंधक बनाकर प्रॉपर्टी की डील उनके साथ करने या रुपये देने के लिए मजबूर करने का प्लान था।
नूंह से हथियार लेकर आए थे आरोपी: पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के लिए प्रवीण और सुमेर नूंह से हथियार लेकर आए थे। इसके बाद सुमेर ने अपने परिचित शिव शंकर, अमन और हेमंत को भी योजना में शामिल कर लिया।
21 सितंबर को योजना के मुताबिक, जब युवक अपनी कार में बैठने लगा तो शिव शंकर आगे की सीट पर बैठ गया और हथियार दिखाकर उसे साथ चलने के लिए कहा। अमन और हेमंत पीछे बैठ गए, जबकि सुमेर कार के बाहर खड़ा रहा।
आपसी जान-पहचान के चलते सभी हुए शामिल: पुलिस के अनुसार, आरोपियों के बीच पहले से जान-पहचान थी। सुमेर पहले फरीदाबाद में रहता था, जहां उसकी मुलाकात शिव शंकर से हुई थी। अमन और हेमंत भी शिव शंकर के साथ काम करते हैं। इसी संपर्क के चलते सभी आरोपी इस योजना में शामिल हुए।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।




