Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर शादी का झांसा और AI वीडियो बनाने के नाम पर पैसों की मांग। इटली की एक महिला से करीब 98 हजार रुपये ठगने के मामले में गुरुग्राम पुलिस की साइबर क्राइम वेस्ट टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

मामले की शिकायत करने वाली महिला इटली से गुरुग्राम पहुंची और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी शिकायत दी थी। महिला ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान गुरुग्राम निवासी अखिल मौर्या से हुई थी। आरोपी ने खुद को AI फिल्म क्रिएटर बताया और दोस्ती के बाद उससे शादी करने का वादा किया।
इसके बाद आरोपी ने महिला से AI वीडियो बनाने के काम के लिए पैसे की मांग शुरू कर दी। महिला ने आरोपी के कहने पर Western Union के जरिए दो बार में 450-450 यूरो, यानी कुल 900 यूरो करीब 98 हजार रुपये भेज दिए। पैसे मिलने के बाद आरोपी ने महिला से संपर्क बनाए रखा, लेकिन बाद में महिला को ठगी का एहसास हुआ।
महिला ने जुलाई 2026 में इंस्टाग्राम के जरिए सहायक पुलिस आयुक्त, साइबर क्राइम गुरुग्राम गौरव फोगाट से संपर्क किया था। इसके बाद वह 28 सितंबर को इटली से गुरुग्राम पहुंची और लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम वेस्ट थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बेरोजगार होने के बाद बनाई ठगी की योजना: जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान अखिल, उम्र 36 वर्ष, निवासी बहादुरपुर, आजमगढ़, उत्तर प्रदेश और वर्तमान निवासी सेक्टर-17, सुखराली, गुरुग्राम के रूप में की। पुलिस ने उसे 1 अक्टूबर को सेक्टर-17 इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले एक निजी कंपनी में टेक्निकल सपोर्ट का काम करता था। जुलाई 2025 में नौकरी छूटने के बाद वह बेरोजगार हो गया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान पैसों के लालच में उसने इंस्टाग्राम के जरिए इटली की महिला से संपर्क किया और शादी का झांसा देकर उससे पैसे ऐंठने शुरू कर दिए।
Western Union से मंगवाए पैसे: पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला से 900 यूरो Western Union के जरिए मंगवाए। इसके बाद गुरुग्राम में Muthoot Finance के माध्यम से रकम अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई। बैंक चार्ज कटने के बाद आरोपी के खाते में 67,297 रुपये पहुंचे।
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
इटली से गुरुग्राम पहुंची पीड़िता ने पुलिस को कहा धन्यवाद: इस पूरे मामले में खास बात यह रही कि शिकायतकर्ता खुद इटली से गुरुग्राम पहुंची और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। महिला ने गुरुग्राम पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील व्यवहार और पेशेवर तरीके से की गई जांच की सराहना करते हुए पुलिस का धन्यवाद किया।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि महिला ने जिस तरह पुलिस की कार्यशैली की सराहना की, उसे पुलिस टीम ने अपनी ड्यूटी का हिस्सा मानते हुए सहजता से स्वीकार किया।




