Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में Creta सवार युवकों का हुड़दंग, महिला-बच्चों से बदसलूकी का आरोप
गुरुग्राम। ओल्ड गुरुग्राम के सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में देर शाम एक कार में सवार युवकों की कथित हुड़दंगबाजी का मामला सामने आया है। आरोप है कि Creta कार में सवार युवक तेज आवाज में गाने बजाते हुए सड़क पर उत्पात मचा रहे थे। इतना ही नहीं, युवकों ने सनरूफ से बाहर निकलकर कार की छत पर बैठकर भी जमकर हंगामा किया। इस दौरान सड़क से गुजर रहे एक परिवार के साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगा है।

मामले में स्थानीय निवासी बिट्टू कटारिया ने सेक्टर-5 थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, घटना बीती रात करीब 8:02 बजे की है।
सनरूफ से बाहर निकलकर कार की छत पर बैठे युवक: शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि सेक्टर-5 इलाके में एक Creta कार तेज आवाज में गाने बजाते हुए पहुंची। कार में मौजूद युवक सनरूफ खोलकर बाहर निकल आए और छत पर बैठकर सड़क पर हुड़दंग करने लगे। आरोप है कि कार को भी तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया जा रहा था। इससे सड़क पर मौजूद दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों में डर का माहौल बन गया।
महिला और दो बच्चों के साथ बदसलूकी का आरोप: बिट्टू कटारिया के अनुसार, इसी दौरान उनके छोटे भाई कुलताज के कुछ रिश्तेदार अपनी कार से वहां पहुंचे थे। उनकी गाड़ी में एक महिला और दो छोटे बच्चे भी मौजूद थे। आरोप है कि Creta सवार युवकों ने अपनी गाड़ी परिवार की कार के नजदीक रोक दी और महिला व बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
अचानक हुई इस घटना से कार में बैठे बच्चे घबरा गए। आरोप है कि युवकों की हरकतों से परिवार के लोगों में भी नाराजगी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।




