Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में अवैध पटाखों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, एक दिन में 36 केस दर्ज, 23 आरोपी काबू
गुरुग्राम: दीपावली को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शहर में पटाखों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत 5 नवंबर को एक ही दिन में एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत 36 मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में अब तक 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है या जांच में शामिल किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई तरह के ज्वलनशील और विस्फोटक पटाखे भी बरामद किए हैं।

दीपावली के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने के साथ ही अवैध रूप से इनकी बिक्री और भंडारण की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने शहर में निगरानी बढ़ा दी है। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए थाना स्तर से लेकर सहायक पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त स्तर तक कुल 53 विशेष टीमें बनाई गई हैं। इसके अलावा अपराध शाखा की टीमें भी अपने-अपने इलाकों में लगातार चेकिंग कर रही हैं।
बाजारों और गोदामों पर पुलिस की नजर: पुलिस की विशेष टीमें बाजारों, पटाखों की दुकानों, गोदामों और उन जगहों पर जांच कर रही हैं, जहां अवैध रूप से पटाखे रखे जाने या बेचे जाने की आशंका है। चेकिंग के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि पटाखों की बिक्री के लिए जरूरी लाइसेंस और परमिट मौजूद हैं या नहीं। बिना अनुमति पटाखे बेचने या उनका भंडारण करने वालों के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
चार जोन में दर्ज हुए 36 मामले: गुरुग्राम पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 5 नवंबर को अलग-अलग जोन में कुल 36 मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें सबसे ज्यादा मामले मानेसर जोन में सामने आए।
जोन के हिसाब से कार्रवाई की बात करें तो पूर्वी जोन में 10 मामले दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया या जांच में शामिल किया गया। दक्षिण जोन में 5 मामले दर्ज हुए और 2 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। पश्चिम जोन में 9 मामले दर्ज कर 9 आरोपियों को काबू किया गया। वहीं, मानेसर जोन में 12 मामले दर्ज किए गए और 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया या जांच में शामिल किया गया।




