गुरुग्राम: सनसिटी के ग्रीन एरिया से हटाए गए 4 बड़े जनरेटर, RWA को 48 घंटे का अल्टीमेटम
गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड स्थित सनसिटी कॉलोनी में ग्रीन एरिया पर कब्जा कर लगाए गए सामुदायिक डीजल जनरेटरों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग की प्रवर्तन टीम ने वाटर वर्क्स के ग्रीन एरिया में लगाए गए चार जनरेटर हटवा दिए। बृहस्पतिवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान दो क्रेन और दो जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। हालांकि, परिसर में लगा 750 केवीए क्षमता का एक बड़ा जनरेटर अभी नहीं हटाया जा सका है। विभाग ने संबंधित RWA को इसे हटाने के लिए 48 घंटे का समय दिया है।

दरअसल, सनसिटी कॉलोनी के वाटर वर्क्स परिसर के ग्रीन एरिया में सामुदायिक बिजली बैकअप के लिए कई डीजल जनरेटर लगाए गए थे। इसको लेकर स्थानीय स्तर पर लंबे समय से विरोध और शिकायतें की जा रही थीं। लोगों ने सीएम विंडो, पीएम विंडो समेत विभिन्न शिकायत पोर्टल पर भी इस मामले को उठाया था। स्थानीय निवासी वीएमके सिंह ने भी विभाग से शिकायत कर ग्रीन एरिया में लगाए गए जनरेटरों को हटाने की मांग की थी।
शिकायतों के बाद टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की ओर से संबंधित रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) को कई बार जनरेटर हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जनरेटर नहीं हटाए गए। आखिरकार बृहस्पतिवार को विभाग की प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और मशीनों की मदद से चार जनरेटर हटवा दिए।
500 और 250 केवीए के जनरेटर हटाए
कार्रवाई के दौरान 500 केवीए क्षमता के दो और 250 केवीए क्षमता के दो जनरेटर हटाए गए। इन चारों जनरेटरों का इस्तेमाल कॉलोनी में बिजली गुल होने की स्थिति में बैकअप देने के लिए किया जा रहा था। विभाग की टीम ने इन्हें हटवाने के बाद फिलहाल सनसिटी स्थित डिस्पेंसरी परिसर में रखवा दिया है।
750 केवीए का जनरेटर अभी भी लगा, 48 घंटे का समय
वाटर वर्क्स परिसर में 750 केवीए क्षमता का एक और बड़ा जनरेटर लगा हुआ है। इसे हटाने के लिए विशेष मशीनरी की जरूरत है। इसी वजह से बृहस्पतिवार को हुई कार्रवाई में इसे नहीं हटाया जा सका। विभाग ने संबंधित RWA को अगले 48 घंटे के भीतर इस जनरेटर को भी हटाने के निर्देश दिए हैं। तय समय में जनरेटर नहीं हटाया गया तो विभाग की ओर से नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिना अनुमति ग्रीन एरिया में लगाए गए थे जनरेटर
जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) अमित मधोलिया ने बताया कि इन जनरेटरों को लगाने के लिए विभाग से किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई थी। इन्हें वाटर वर्क्स के ग्रीन एरिया में लगाया गया था, जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने साफ किया कि ग्रीन एरिया का इस्तेमाल तय नियमों के मुताबिक ही किया जा सकता है।
डीटीपीई ने कहा कि विभाग के निर्देशों को नजरअंदाज करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। ग्रीन एरिया में बिना अनुमति किसी तरह का निर्माण या ऐसी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




