डीएलएफ फेज-2 में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 22 संपत्तियां सील
गुरुग्राम: डीएलएफ फेज-2 में रिहायशी मकानों के अंदर चल रहे अवैध कारोबार के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग की टीम ने लगातार दूसरे दिन सीलिंग अभियान चलाते हुए शुक्रवार को एक ही दिन में 22 संपत्तियों को सील कर दिया। इन संपत्तियों में कार्यालय, पीजी, गेस्ट हाउस, होटल, क्लिनिक, जिम, जनरल स्टोर और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं। कई मकानों के बेसमेंट से लेकर पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल तक पर नियमों के खिलाफ व्यावसायिक गतिविधियां चलती मिलीं।

जिला नगर योजनाकार (एनफोर्समेंट) की टीम ने शुक्रवार को डीएलएफ फेज-2 के अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण किया। इस दौरान सामने आया कि कई लोगों ने रिहायशी मकानों का इस्तेमाल व्यावसायिक कामों के लिए शुरू कर दिया था। कहीं बेसमेंट में कार्यालय और क्लिनिक चल रहे थे तो कहीं पूरी मंजिलों को पीजी और गेस्ट हाउस के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। कुछ जगहों पर स्वीकृत अनुमति से ज्यादा क्षेत्र में भी कारोबार चल रहा था। ऐसे सभी प्रतिष्ठानों के खिलाफ टीम ने सीलिंग की कार्रवाई की।
दक्षिण मार्ग पर सबसे ज्यादा संपत्तियों पर कार्रवाई: सीलिंग अभियान के दौरान दक्षिण मार्ग (डीएम) पर विभाग की टीम ने कई मकानों में कार्रवाई की। डीएम-23 में दूसरी मंजिल पर चल रहे कार्यालय को सील किया गया। डीएम-22 में अनुमति से अधिक इस्तेमाल किए जा रहे कमरे पर कार्रवाई हुई। वहीं, डीएम-21 में अतिरिक्त कमरे बनाए जाने के कारण पूरा तल और बेसमेंट सील कर दिया गया।
डीएम-20 में भूतल और बेसमेंट में चल रहे कार्यालयों को सील किया गया। डीएम-17 और डीएम-27 में भूतल पर संचालित कार्यालयों पर कार्रवाई हुई, जबकि डीएम-15 में बेसमेंट में चल रहे कार्यालय को सील कर दिया गया।
इसी कड़ी में डीएम-13 में गेस्ट हाउस और बेसमेंट में चल रहे कार्यालय पर कार्रवाई की गई। डीएम-14 में 12 कमरों वाले ओयो होटल के सभी कमरे सील कर दिए गए। डीएम-12 में बेसमेंट में चल रहे जिम और पहली मंजिल पर संचालित कार्यालय को सील किया गया। डीएम-10 में भी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टिल्ट, बेसमेंट और पहली से तीसरी मंजिल तक चल रहे कार्यालयों को सील कर दिया।
क्लिनिक, पीजी और दुकानों पर भी चला सीलिंग अभियान: विभाग की टीम ने डीएम-8 में तय अनुमति से अधिक क्षेत्र में चल रहे दंत चिकित्सा केंद्र को सील किया। डीएम-7 में भूतल पर चल रही दुकानों और कार्यालयों के साथ बेसमेंट का कार्यालय भी सील किया गया। इसी मकान की पहली और दूसरी मंजिल पर चल रहे पीजी को भी बंद करा दिया गया।
डीएम-6 में बेटर-वे आयुर्वेदिक पंचकर्म उपचार केंद्र और डीएम-5 में ग्रो मोर जनरल स्टोर व सब्जी की दुकान पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा के-3/1 में बेसमेंट में चल रही स्टेशनरी की दुकान, भूतल पर कार्यालय और पहली व दूसरी मंजिल पर आठ कमरों में संचालित पीजी को सील किया गया। के-2/1 में चल रहे फिजियोथेरेपी क्लिनिक पर भी विभाग की टीम ने कार्रवाई की।
वहीं, गुलमोहर मार्ग के मकान नंबर-49 में अंतारा वेलनेस सेंटर के बेसमेंट में चल रहे क्लिनिक को सील किया गया। आकाशनीम मार्ग के मकान नंबर-19 में भूतल और बेसमेंट पर संचालित दंत चिकित्सा केंद्र पर कार्रवाई हुई। के-9/46 में मेटागाइज फसाड्स के बेसमेंट में चल रहे कार्यालय को भी सील कर दिया गया।
बृहस्पतिवार को भी सील की गई थीं चार इमारतें: डीएलएफ फेज-2 में विभाग का यह अभियान बृहस्पतिवार को शुरू हुआ था। पहले दिन टीम ने चार इमारतों को सील किया था। इसके बाद शुक्रवार को दूसरे दिन कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए 22 संपत्तियों पर सीलिंग की गई। विभाग का कहना है कि रिहायशी मकानों में तय नियमों और अनुमति के खिलाफ व्यावसायिक गतिविधियां चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
शनिवार को भी होगी कार्रवाई, अगले सप्ताह दूसरे ब्लॉकों की बारी :जिला नगर योजनाकार (एनफोर्समेंट) अमित मधोलिया के अनुसार, शनिवार को भी डीएलएफ फेज-2 में सीलिंग अभियान जारी रहेगा। इसके बाद अगले सप्ताह इलाके के दूसरे ब्लॉकों में भी निरीक्षण किया जाएगा। टीम उन मकानों और प्रतिष्ठानों की जांच करेगी, जहां रिहायशी संपत्तियों का इस्तेमाल नियमों के खिलाफ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है।
विभाग की इस कार्रवाई से डीएलएफ फेज-2 में रिहायशी मकानों के अंदर पीजी, गेस्ट हाउस, कार्यालय, क्लिनिक और दुकानों के रूप में चल रहे कारोबार पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में अभियान का दायरा बढ़ने से ऐसे अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




