शिकायत से शुरू हुआ रिश्वत का मामला, 30 हजार लेते पकड़ा गया एडिशनल SHO
गुरुग्राम: थाने में चल रही एक शिकायत को निपटाने के नाम पर कथित तौर पर रिश्वत मांगना शिवाजी नगर थाने के एडिशनल एसएचओ को भारी पड़ गया। स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह को 30 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शिकायतकर्ता को पुलिस केस से बचाने के बदले उससे पैसों की मांग की जा रही थी। मामले की जानकारी ACB तक पहुंचने के बाद टीम ने पूरी योजना के साथ कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया।

दो लाख से शुरू हुई मांग, 60 हजार पर बनी सहमति: मामले की शुरुआत शिवाजी नगर थाने में दी गई एक शिकायत से हुई। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले का रहने वाला शिकायतकर्ता फिलहाल गुरुग्राम की EMAAR प्लम हिल्स सोसायटी में किराये पर रह रहा है। उसकी शिकायत के मुताबिक, भूपेंद्र नाम के व्यक्ति ने उसके खिलाफ थाने में शिकायत दी थी।
इसी मामले में कार्रवाई से बचाने और शिकायत का निपटारा कराने के बदले एडिशनल एसएचओ नरपाल सिंह ने कथित तौर पर 2 लाख रुपये मांगे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में रकम को लेकर बातचीत हुई और 60 हजार रुपये देने पर सहमति बनी। इसके बाद उसने ACB से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी।
पहली किस्त देने पहुंचा शिकायतकर्ता, पहले से तैयार थी टीम: शिकायत मिलने के बाद ACB गुरुग्राम यूनिट ने आरोपी को पकड़ने की रणनीति बनाई। टीम ने ट्रैप की तैयारी की और शिकायतकर्ता के जरिए कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही नरपाल सिंह ने 30 हजार रुपये की पहली किस्त स्वीकार की, मौके पर मौजूद ACB अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के नेतृत्व में की गई। मौके पर DHBVN के एसडीओ धर्मेंद्र कुमार को राजपत्रित अधिकारी के तौर पर शामिल किया गया था। ACB के अनुसार, ट्रैप की प्रक्रिया BNSS 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के तहत पूरी की गई।
आरोपी के खिलाफ दो धाराओं में मामला दर्ज: गिरफ्तारी के बाद आरोपी सब इंस्पेक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत FIR नंबर 50 दर्ज की गई है। इसके साथ ही BNS की धारा 308 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल ACB मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
रिश्वत मांगे तो ACB को दें सूचना: ACB गुरुग्राम यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर जयपाल सिंह ने लोगों से अपील की है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत करने से पीछे न हटें।
इसके लिए ACB ने टोल-फ्री नंबर 1064 और 1800-180-2022 जारी किए हैं। शिकायतकर्ता व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी जानकारी भेज सकते हैं। इसके अलावा ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के जरिए फोटो, वीडियो, ऑडियो और PDF दस्तावेजों के साथ शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी दी गई है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




