गुरुग्राम में सभी होर्डिंग और यूनिपोल का होगा सर्वे, 27 नवंबर तक मांगी रिपोर्ट
गुरुग्राम: शहर में कहां-कहां होर्डिंग, यूनिपोल, एलईडी स्क्रीन और दूसरे विज्ञापन लगे हैं, नगर निगम अब इन सबका हिसाब जुटाएगा। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को पूरे शहर का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत नगर निगम के छहों जोन में टीमें भेजकर विज्ञापन वाली जगहों की जानकारी जुटाई जाएगी। अधिकारियों को यह भी देखना होगा कि उनके इलाके में कोई ऐसी विज्ञापन साइट तो नहीं है, जो निगम के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है।

सोमवार को निगमायुक्त ने सभी छह जोन के संयुक्त आयुक्तों को इस काम की जिम्मेदारी सौंपी। सर्वे में यूनिपोल और होर्डिंग के अलावा दुकानों और इमारतों पर लगे बड़े विज्ञापन, दीवारों पर लगाए गए विज्ञापन, एलईडी स्क्रीन, सड़कों के ऊपर लगे विज्ञापन बोर्ड और दूसरे सभी तरह के आउटडोर विज्ञापन शामिल किए जाएंगे।
हर विज्ञापन की फोटो और जगह का पता देना होगा: सर्वे के दौरान अधिकारियों को हर विज्ञापन के बारे में पूरी जानकारी जुटानी होगी। इसमें यह बताना होगा कि विज्ञापन किस तरह का है, कहां लगा है, उसका पूरा पता क्या है और आसपास कौन सी प्रमुख जगह मौजूद है। इसके साथ ही हर विज्ञापन की नई फोटो भी लेनी होगी।
फोटो में विज्ञापन के साथ उसके आसपास का इलाका भी साफ दिखाई देना चाहिए। अधिकारियों को फोटो के साथ उस जगह की सही लोकेशन भी देनी होगी, ताकि निगम के अधिकारी जरूरत पड़ने पर आसानी से उस विज्ञापन स्थल तक पहुंच सकें।
संयुक्त आयुक्तों को खुद रखनी होगी नजर: निगमायुक्त ने साफ कर दिया है कि सर्वे की जिम्मेदारी केवल कर्मचारियों के भरोसे नहीं छोड़ी जाएगी। सभी संयुक्त आयुक्तों को अपने-अपने जोन में इस काम पर खुद नजर रखनी होगी। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि पूरे इलाके की जांच हो और कोई भी विज्ञापन साइट छूटने न पाए।
सर्वे पूरा होने के बाद संयुक्त आयुक्तों को अपनी रिपोर्ट के साथ हस्ताक्षर करके एक प्रमाण-पत्र भी देना होगा। इसमें उन्हें बताना होगा कि उनके जोन में मौजूद सभी विज्ञापन स्थलों की जांच कर ली गई है और कोई भी जगह सर्वे से नहीं छूटी है। इस तरह सर्वे में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही भी तय होगी।
27 नवंबर तक देनी होगी रिपोर्ट: नगर निगम ने सर्वे पूरा करने के लिए 27 नवंबर 2026 की तारीख तय की है। सभी छह जोन के संयुक्त आयुक्तों को इस दिन तक अपने क्षेत्र की पूरी रिपोर्ट निगमायुक्त कार्यालय में जमा करानी होगी। रिपोर्ट के साथ हस्ताक्षर किया हुआ प्रमाण-पत्र देना भी जरूरी होगा।
इस सर्वे से नगर निगम को शहर में लगे सभी विज्ञापनों की सही जानकारी मिल सकेगी। अधिकारियों के पास यह रिकॉर्ड होगा कि किस इलाके में कितने होर्डिंग, यूनिपोल और एलईडी स्क्रीन लगी हैं। इससे विज्ञापन स्थलों पर नजर रखने और नियमों के अनुसार उनकी जांच करने में भी आसानी होगी।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




