गुरुग्राम में जमीन के फर्जी कागजात बनाकर कब्जा करने वाली महिला गिरफ्तार
गुरुग्राम: जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे की संपत्ति पर कब्जा करने और उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर आरोप है कि उसने काटरपुरी इलाके में स्थित जमीन के कागजात में हेराफेरी कर उसे दूसरे व्यक्ति के नाम बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 4 अक्टूबर 2024 को एक व्यक्ति ने पालम विहार थाने में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने दीपचंद नाम के व्यक्ति से गुरुग्राम के काटरपुरी गांव में जमीन के दो प्लॉट खरीदे थे। 3 अक्टूबर 2024 को जब वह अपनी जमीन देखने पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गया। जमीन की पुरानी चारदीवारी तोड़कर नई चारदीवारी बना दी गई थी। इतना ही नहीं, प्लॉट पर बना कमरा भी तोड़कर हटा दिया गया था।
शिकायतकर्ता ने आसपास के लोगों से इस बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि कुछ लोगों ने उसकी जमीन पर बनी चारदीवारी तोड़कर नई दीवार खड़ी कर दी है। जांच के दौरान उसे यह भी जानकारी मिली कि कविता नाम की एक महिला ने जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए और इसके आधार पर जमीन किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी।
शिकायत के आधार पर पालम विहार थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच करते हुए पुलिस टीम ने 23 नवंबर 2026 को आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान कविता दहिया (42) निवासी गांव बड़खालशाह, जिला सोनीपत के रूप में हुई है।
गाजियाबाद से बनवाए थे फर्जी दस्तावेज: पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला ने जमीन से जुड़े फर्जी दस्तावेज उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से तैयार करवाए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन दस्तावेजों को तैयार करवाने में कौन-कौन लोग शामिल थे और जमीन को आगे किस व्यक्ति को बेचा गया था।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका और फर्जी दस्तावेज तैयार करवाने से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




