अमृतसर : अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत लौटे 104 भारतीय नागरिक आज दोपहर श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचे। यह लोग अमेरिकी सैन्य विमान सी-17 के जरिए भारत आए हैं। यह फ्लाइट अमेरिकी शहर सैन एंटोनियो से फ्लाइट संख्या आरसीएम 175 लेकर अमृतसर के लिए रवाना हुई थी।
पहले इस विमान के सुबह आठ बजे पहुंचने की जानकारी थी, लेकिन तकनीकी कारणों से यह विमान दोपहर करीब 1.30 बजे एयरपोर्ट पर लैंड किया। जानकारी के अनुसार विमान शाम साढ़े चार बजे वापस रवाना होगा। सुरक्षा एजेंसियां एयरपोर्ट पर पूरी तरह सतर्क हैं और सभी प्रक्रिया के तहत यात्रियों को रिसीव किया गया।
इन 104 भारतीय नागरिकों में विभिन्न राज्यों के लोग शामिल हैं, जिनमें गुजरात से 33, पंजाब से 30, हरियाणा से 33, उत्तर प्रदेश से 02, चंडीगढ़ से 02 और महाराष्ट्र से 03 लोग हैं। सुरक्षा कारणों के मद्देनजर इस समय एयरपोर्ट पर पूरी तरह से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और सभी संबंधित एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।



